ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के साइट-4 स्थित चार स्पा सेंटरों पर शनिवार शाम एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई किसी समाजसेवी संस्था की शिकायत के आधार पर की गई।
28 युवतियां और 15 युवक हिरासत में
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देह व्यापार में संलिप्त होने के संदेह में 28 युवतियों और 15 युवकों को हिरासत में लिया। सभी को पूछताछ के लिए बीटा-2 कोतवाली लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
ग्राहक और कर्मचारी भी शामिल
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों में कुछ स्पा सेंटरों के ग्राहक हैं, जबकि कुछ वहीं काम करने वाले कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


