ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार को 18वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में एसी का कंप्रेशर फटने से आग लग गई। आग तेजी से पूरे बेडरूम में फैल गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।
महिला और बुजुर्ग दंपती ने बचाई जान
घटना टॉवर-12 के फ्लैट नंबर-1802 की है, जहां मानवेंद्र प्रताप अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना के समय मानवेंद्र ड्यूटी पर थे, जबकि घर में उनकी पत्नी, बच्चा और गांव से आए बुजुर्ग माता-पिता मौजूद थे। शाम करीब साढ़े चार बजे एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद कंप्रेशर फट गया। धुएं और आग के बीच महिला ने बच्चे को लेकर तुरंत फ्लैट से बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि बुजुर्ग दंपती भी सुरक्षित बाहर निकल आए।
राहत कार्य में जुटे सोसाइटी के लोग
घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ हितेंद्र और किशन तथा निवासी एसपी यादव मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घने धुएं के कारण बेडरूम तक पहुंचना मुश्किल था, फिर भी स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य जारी रखा।
40 मिनट बाद आग पर पाया गया काबू
सोसाइटी के दूसरे टॉवर की बालकनी से फायर हाइड्रेंट के पानी का इस्तेमाल कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग काफी हद तक नियंत्रित कर ली गई थी। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


