ग्रेटर नोएडा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बुधवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (ग्रेनो प्राधिकरण) और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) ने इकोटेक-3 स्थित कच्ची सड़क पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश देना है।
अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने लगाए पौधे
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ सुमित यादव और आईबीए के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने नीम और पीपल के पौधे लगाकर किया। सभी पौधों को सुरक्षित रखने के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए।
5000 पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
आईबीए और ग्रेनो प्राधिकरण ने पौधों की नियमित देखभाल का संयुक्त संकल्प लिया। आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का प्रयास है। अगले दो से तीन महीनों में औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वच्छता कर्मियों का हुआ सम्मान
ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण और मातृ सम्मान का उत्सव है तथा प्रशासन ऐसे प्रयासों में पूरा सहयोग देगा। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और रखरखाव में योगदान देने वाले संविदा कर्मियों और सफाई कर्मचारियों को आईबीए की ओर से सम्मानित भी किया गया।


