ग्रेटर नोएडा। लंबित आबादी प्रकरणों के निस्तारण, उचित मुआवजा, नए भूमि अधिग्रहण कानून, 10 प्रतिशत विकसित भूखंड समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर महापंचायत आयोजित की। किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान प्रदर्शन में शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसानों ने सुबह जैतपुर गोलचक्कर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय तक पदयात्रा निकाली। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बैरिकेड हटाकर अंदर जाने की कोशिश
प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने पर किसानों ने गेट नंबर-2 पर लगे बैरिकेड हटाकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद किसानों ने 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, आबादी निस्तारण, नए कानून को लागू करने, सर्किल रेट में संशोधन और लंबित मामलों के समाधान की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन और पंचायत की।
सीईओ और डीएम के साथ होगी बैठक
शाम करीब साढ़े सात बजे तीनों प्राधिकरणों के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की। बातचीत के बाद किसानों की प्रमुख मांगों—10 प्रतिशत विकसित भूखंड, नए भूमि अधिग्रहण कानून और आबादी प्रकरणों के निस्तारण—पर चर्चा के लिए अगले शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और जिलाधिकारी के साथ बैठक तय की गई।


