नोएडा। सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर जिले के 72 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में 36 बालक और 36 बालिकाएं शामिल हैं।
प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी बनी चैंपियन
प्रतियोगिता में प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी ने 221 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। थेटिस अकादमी 180 अंकों के साथ दूसरे और जय स्पोर्ट्स अकादमी 123 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
41 स्कूलों और अकादमियों के 251 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के 41 स्कूलों और स्पोर्ट्स अकादमियों के कुल 251 तैराकों ने भाग लिया। इनमें 131 बालिकाएं और 120 बालक शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में फ्री-स्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई और इंडिविजुअल मेडले स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
23 जुलाई से लखनऊ में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
जिला तैराकी संघ के सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि चयनित 72 खिलाड़ी 23 से 26 जुलाई तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।


