ग्रेटर नोएडा। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की ओर से गौतमबुद्ध नगर में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन-1 बालिका शूटिंग चैंपियनशिप अब 20 से 24 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। पहले प्रतियोगिता 13 से 17 जुलाई तक प्रस्तावित थी, लेकिन तकनीकी कारणों से इसकी तिथि बदल दी गई है।
तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
तिथि परिवर्तन के बाद आयोजकों ने प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन के विभिन्न स्कूलों की 850 से अधिक बालिका निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जेपी पब्लिक स्कूल को लगातार तीसरी बार मेजबानी
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर स्वर्णनगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल को लगातार तीसरे वर्ष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का दायित्व सौंपा गया है। स्कूल प्रबंधन आयोजन की सभी तैयारियों में जुटा हुआ है।
तकनीकी समस्या के कारण बदली गई तिथि
स्कूल के स्पोर्ट्स एचओडी नीरज सिंह ने बताया कि सीबीएसई की वेबसाइट पर आई तकनीकी समस्या के कारण प्रतियोगिता की तिथियों में बदलाव किया गया है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।


