नोएडा: फेज-2 थाना क्षेत्र के एनएसईजेड स्थित पीर के पास बृहस्पतिवार दोपहर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक काली स्कॉर्पियो ने लोडर को सामने से टक्कर मार दी। हादसे की चपेट में पास से गुजर रही एक बाइक भी आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडर और स्कॉर्पियो दोनों पलट गए तथा सड़क पर सब्जियां बिखर गईं।
दो की मौत, चार का इलाज जारी
हादसे में लोडर चालक अशोक कुमार समेत आकाश, शंकर, राजवीर, दीपक और बाइक सवार अभिषेक राय गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीपक और राजवीर को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त तीनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है, जबकि फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
कार पर पहले से थे पांच चालान
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो जून 2025 मॉडल की डीजल गाड़ी है, जो अजय के नाम पर पंजीकृत है। वाहन पर काली फिल्म लगाने, रॉन्ग साइड चलाने सहित यातायात नियमों के उल्लंघन के पांच चालान पहले से दर्ज हैं, जिनकी कुल राशि 25 हजार रुपये है। इसके अलावा वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र भी समाप्त हो चुका था, बावजूद इसके कार सड़कों पर दौड़ रही थी।


