नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार से इंडिगो एयरलाइंस मुंबई और श्रीनगर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करेगी। अब तक श्रीनगर के लिए केवल कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध थी, जबकि मुंबई के लिए अकासा एयर की एक सीधी उड़ान संचालित हो रही थी। नई उड़ानों से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और यात्रा पहले की तुलना में आसान होगी।
आर्थिक राजधानी मुंबई से सीधी कनेक्टिविटी मिलने के बाद
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं श्रीनगर के यात्रियों को जम्मू या चंडीगढ़ होकर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा का समय घटेगा और किराए में भी बचत होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन 15 जून से शुरू हुआ था। एक जुलाई से कई नए
शहरों के लिए उड़ानें जोड़ी गईं। इंडिगो ने तीन जुलाई को अजमेर के लिए सेवा शुरू की थी, जबकि चार जुलाई से श्रीनगर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का संचालन शुरू किया गया था। अब 10 जुलाई से श्रीनगर के लिए सीधी उड़ान भी उपलब्ध होगी।
इंडिगो की श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट
सुबह 10 बजे उड़ान भरेगी, जबकि मुंबई के लिए दोपहर 2:50 बजे सीधी सेवा शुरू होगी। एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट संचालन के 25 दिनों के भीतर यात्रियों के लिए लगातार नए गंतव्य जोड़े गए हैं, जिससे एयरपोर्ट का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब
इंडिगो लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, पंतनगर, बरेली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, जोधपुर, भोपाल और देहरादून समेत 15 शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही है। वहीं अकासा एयर भी बेंगलुरु, मुंबई और नवी मुंबई के लिए अपनी विमान सेवाएं चला रही है। कुल मिलाकर एयरपोर्ट से प्रतिदिन 36 से अधिक उड़ानों का संचालन हो रहा है।


