ग्रेरट नोएडा: गंगा लिंक एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की परियोजना में यीडा क्षेत्र में जमीन क्रय का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। प्राधिकरण ने इंटरचेंज निर्माण के लिए भी जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाईपुर, ब्रह्मनानपुर और मेहंदीपुर बांगर गांवों में किसानों की सहमति से भूमि क्रय की जा रही है।
130 मीटर चौड़ा होगा कॉरिडोर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए यूपीडा 73.4 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगा। यह एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर प्वाइंट पर जुड़ेगा। मुख्य सड़क 80 मीटर चौड़ी होगी, जबकि दोनों ओर सर्विस रोड के साथ कुल चौड़ाई 130 मीटर होगी।
16 गांवों में जारी है भूमि अधिग्रहण
यीडा के अधिसूचित क्षेत्र के 16 गांवों की 740 एकड़ जमीन में से करीब 60 प्रतिशत भूमि किसानों की सहमति से खरीदी जा चुकी है। भूमि क्रय के लिए प्राधिकरण को 1209 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। लक्ष्य है कि मुख्य एक्सप्रेसवे और इंटरचेंज का निर्माण एक साथ शुरू किया जाए।
एयरपोर्ट तक बनेगा तीसरा इंटरचेंज
प्रस्तावित इंटरचेंज यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तीसरा इंटरचेंज होगा। इससे पहले एक इंटरचेंज ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दूसरा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनाया जा चुका है। यीडा के एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही पूरी जमीन क्रय कर ली जाएगी, जिसके बाद यूपीडा निर्माण कार्य शुरू करेगा। इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना और अधिक आसान हो जाएगा।


