नोएडा। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने सोमवार देर शाम सेक्टर-14 स्थित नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) के कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
नागरिक समाज की भूमिका पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलराज मिश्र ने एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास में जागरूक और संगठित नागरिक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनसीएफ का नया कैंप कार्यालय नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता और जनहित के कार्यों का प्रभावी केंद्र बनेगा।
प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनभागीदारी की मांग
उद्घाटन के बाद आयोजित विचार-विमर्श बैठक में एनसीएफ की ओर से नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कलराज मिश्र ने इस मांग का समर्थन करते हुए इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बैठकों में केवल समस्याओं पर नहीं, बल्कि नोएडा के भविष्य के विकास पर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और स्थानीय शासन पर चर्चा
बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता और डिजिटल साक्षरता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं की रोकथाम के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और परामर्श सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई गई। नागरिकों और विशेषज्ञों के साथ नियमित बैठकें, नागरिक सर्वेक्षण, बजट से पहले जनता के सुझाव लेने, नोएडा में ग्राम पंचायत व्यवस्था बहाल करने तथा आरडब्ल्यूए और एओए को संवैधानिक अधिकार देने की मांग भी रखी गई।
जनहित के कार्यों की हुई सराहना
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में एनसीएफ द्वारा नागरिक सुविधाओं के विकास, प्रशासनिक जवाबदेही, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के मुद्दों पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बैठक में यह भी सहमति बनी कि नया कैंप कार्यालय जनभागीदारी, रचनात्मक संवाद, नीति-समर्थन और नागरिक समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच बनेगा।
कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में आरा की पूर्व सांसद मीना सिंह, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व रक्षा सचिव एवं एनसीएफ के चेयरमैन डॉ. योगेंद्र नारायण, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एन.पी. सिंह, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना और ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एनसीएफ पदाधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
एनसीएफ की ओर से अध्यक्ष डॉ. महेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह, संरक्षक डॉ. वी.के. गुप्ता, इंद्राणी मुखर्जी, महासचिव प्रशांत त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिल शर्मा, हरि दत्त शर्मा, आर.के. सिंह, चक्रधर मिश्रा, सचिव गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव गिरीश कपूर, अनीता अरोरा, संजय त्रिपाठी, वैभव श्रीवास्तव, विधि सचिव कमल कौशिक, कार्यकारिणी सदस्य राजश्री गुप्ता सहित फोरम के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नोएडा सिटीजन फोरम भविष्य में नागरिकों की आवाज को और अधिक सशक्त बनाते हुए शहर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


