नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो कनेक्टिविटी होगी , मजबूत, एक्वा लिंक लाइन का रूट बदला

 

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित एक्वा लिंक लाइन मेट्रो परियोजना के अलाइनमेंट में बदलाव किया है। सेक्टर-44 के निवासियों की आपत्ति के बाद मेट्रो लाइन को सेक्टर के अंदर से ले जाने की योजना बदल दी गई है। अब यह कॉरिडोर सेक्टर-44 के बाहरी हिस्से और ग्रीन बेल्ट से होकर गुजरेगा। इस बदलाव से परियोजना की लंबाई करीब एक किलोमीटर बढ़ गई है, जबकि लागत में लगभग 100 करोड़ रुपये की वृद्धि होने की संभावना है।

नए अलाइनमेंट के अनुसार, एक्वा लिंक लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन पर ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन से बेहतर तरीके से जुड़ेगी। यह ब्लू लाइन को एक स्थान पर और मैजेंटा लाइन को दो स्थानों पर ऊपर से पार करते हुए सेक्टर-44, सेक्टर-96, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और अन्य क्षेत्रों से होकर सेक्टर-142 तक पहुंचेगी। इस कॉरिडोर पर कुल आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिससे यात्रियों को निर्बाध इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।

परियोजना की कुल लंबाई अब 11.56 किलोमीटर से बढ़कर 12.56 किलोमीटर हो गई है। अनुमानित लागत 2,254.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,354.35 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। एनएमआरसी का लक्ष्य अगले चार वर्षों में परियोजना का निर्माण पूरा करना है। इसके शुरू होने के बाद प्रतिदिन करीब 1.25 लाख यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा दिल्ली-एनसीआर के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

परियोजना के निर्माण के लिए एनएमआरसी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीकी बोली में नौ प्रमुख कंपनियों ने रुचि दिखाई है, जिनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि एक माह के भीतर निर्माण कार्य का ठेका आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि अलाइनमेंट में बदलाव केवल स्थानीय निवासियों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें