मेटा के अलर्ट और रियल-टाइम लोकेशन ट्रेसिंग से दादरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आत्मघाती कदम उठाने से पहले व्यक्ति को सुरक्षित बचाया।
ग्रेटर नोएडा में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीक के प्रभावी उपयोग से एक 38 वर्षीय ट्रक चालक की जान बचा ली गई। पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव और अवसाद में आए व्यक्ति ने आत्महत्या से जुड़ा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित तलाश लिया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा की ओर से 30 जून को सुबह 10:57 बजे मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से आत्महत्या संबंधी अलर्ट प्राप्त हुआ। अलर्ट मिलते ही यह सूचना तत्काल गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल को भेजी गई।
सूचना मिलने के बाद दादरी पुलिस ने बिना समय गंवाए तकनीकी सहायता से व्यक्ति की रियल-टाइम लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे आत्मघाती कदम उठाने से पहले सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, तकनीकी संसाधनों और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव की स्थिति में आत्मघाती कदम उठाने के बजाय परिवार, मित्रों या संबंधित विशेषज्ञों से मदद लें।


