सोसायटी ग्रुप में नाम लेकर की गई टिप्पणी, स्क्रीनशॉट वायरल होने पर हटाई पोस्ट
नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र की सेक्टर-34 स्थित एक सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप में एक रेजिडेंट के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसायटी निवासी वकार ने ग्रुप में एक पोस्ट डाली, जिस पर उनकी परिचित महिला रीतू ने कमेंट करते हुए रेजिडेंट का नाम स्पष्ट रूप से लिख दिया। मामला सोसायटी में चर्चा का विषय बनने के बाद दोनों ने पोस्ट और कमेंट डिलीट कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित निवासी का आरोप है कि वकार और रीतू पहले भी कई बार सोशल मीडिया और सोसायटी ग्रुप में इशारों-इशारों में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। शनिवार को वकार ने ग्रुप में “हमारी प्यारी भूरी लापता है” लिखकर पोस्ट डाली, जिस पर रीतू ने कमेंट करते हुए पीड़ित का नाम लिख दिया। सोसायटी के अन्य सदस्यों ने पोस्ट और कमेंट के स्क्रीनशॉट लेकर पीड़ित को भेजे। मामला तूल पकड़ता देख दोनों ने अपनी पोस्ट और कमेंट हटा दिए।
विरोध करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने सेक्टर-24 थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
सेक्टर-24 थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर वकार और रीतू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप की पोस्ट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


