राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं केटरिंग टेक्नोलॉजी परिषद (एनसीएचएमसीटी) से संबद्ध देशभर के 90 से अधिक होटल मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए विदेश में प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने जा रहे हैं। परिषद ने हाल ही में 17 छात्रों को इंग्लैंड में समर एक्सपोजर कार्यक्रम के लिए भेजा है। इसके साथ ही अब छात्रों को मैरियट होटल समूह में प्रशिक्षण प्राप्त करने का भी अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का व्यावहारिक अनुभव हासिल होगा।
विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 15, 16 और 22 जुलाई को स्विट्जरलैंड, थाईलैंड और मलेशिया के हॉस्पिटैलिटी विशेषज्ञ विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेंगे। इन सत्रों में आधुनिक हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन, कुकरी और होटल संचालन से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और वैश्विक मानकों की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा जुलाई के दौरान यूके, फ्रांस सहित सात यूरोपीय हॉस्पिटैलिटी कंपनियां विभिन्न संस्थानों में कैंपस प्लेसमेंट अभियान चलाएंगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से चयनित छात्रों को यूरोप के प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट और हॉस्पिटैलिटी संस्थानों में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की संभावनाएं और मजबूत होंगी।


