नोएडा। एक्टिव एनजीओ ग्रुप एवं वाईएसएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीद कैप्टन विजयंत थापर की स्मृति में बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर मेगा शरबत वितरण एवं ज़ीरो वेस्ट अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस सेवा अभियान में 100 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने 50 हजार से अधिक लोगों को निःशुल्क शरबत वितरित कर राष्ट्रसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

डिस्पोज़ेबल को कहा अलविदा, स्टील के गिलासों से पेश की मिसाल
अभियान की सबसे खास बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम में डिस्पोज़ेबल कपों का उपयोग नहीं किया गया। उनकी जगह स्टील के गिलासों का इस्तेमाल कर ज़ीरो वेस्ट मॉडल प्रस्तुत किया गया। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूरी बनाने, पुनः उपयोग योग्य बर्तनों को अपनाने, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
शहीद के परिवार की मौजूदगी से भावुक हुआ माहौल
कार्यक्रम में शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता कर्नल वी.एन. थापर, माता श्रीमती तृप्ता थापर एवं उनके परिवार की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। उनके स्वागत में पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘कैप्टन विजयंत थापर अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। कर्नल वी.एन. थापर ने युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया, जबकि श्रीमती तृप्ता थापर ने सेवा और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
जनभागीदारी से बना सेवा और पर्यावरण संरक्षण का अभियान
कार्यक्रम में एडीसीपी गौतम बुद्ध नगर मनीषा सिंह, चौकी प्रभारी सतनाम सिंह, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, डॉ. रंजन तोमर, कर्नल अमिताभ अमित, अनुज अग्रवाल, मनीष गुप्ता, प्रो. राजेश सहाय, विशाल शर्मा, एन.के. अग्रवाल, सत्य नारायण गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अभियान का नेतृत्व वाईएसएस फाउंडेशन के निदेशक सचिन गुप्ता ने किया। डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से होना चाहिए। यह अभियान सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया।


