मानसून से पहले अलर्ट: नोएडा के पॉश सेक्टर-105 में फिर दोहर सकता है 48 घंटे का ब्लैकआउट, RWA ने जारी की चेतावनी

नोएडा। मानसून के आगमन से पहले सेक्टर-105 के निवासियों में जलभराव और बिजली संकट की आशंका गहराने लगी है। सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि सीएनजी पंप के सामने स्थित मुख्य नाले की सफाई और मरम्मत जल्द नहीं कराई गई तो पिछले वर्ष जैसी स्थिति दोबारा उत्पन्न हो सकती है।

 

गंदगी और प्लास्टिक कचरे से भरा नाला बना परेशानी का कारण

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) के अनुसार मुख्य नाला गाद, प्लास्टिक और अन्य कचरे से बुरी तरह जाम हो चुका है। इसके कारण दूषित पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की ग्रीन बेल्ट में फैल रहा है, जिससे हरियाली को नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ-साथ डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

 

पिछले साल 48 घंटे तक अंधेरे में रहा था सेक्टर

आरडब्ल्यूए ने पत्र में बताया कि पिछले वर्ष नाले का पानी बिजली के मुख्य ट्रांसफार्मरों तक पहुंच गया था। पानी भरने से भूमिगत केबलों में शॉर्ट सर्किट हो गया था, जिसके चलते पूरे सेक्टर की बिजली लगभग 48 घंटे तक बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच निवासियों को बिजली और पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ा था।

 

स्थायी समाधान और जवाबदेही की मांग

आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि सीएनजी पंप के सामने अवरुद्ध पड़े मुख्य नाले की सफाई भारी पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से तत्काल कराई जाए। साथ ही नाले का गंदा पानी सेक्टर के आंतरिक नालों में वापस न आए, इसके लिए ‘वन-वे गेट’ जैसी स्थायी तकनीकी व्यवस्था लागू की जाए। संगठन ने सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान और नागरिकों को हुई परेशानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है।

 

आरडब्ल्यूए का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो मानसून के दौरान सेक्टर-105 के निवासियों को एक बार फिर जलभराव और बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें