नोएडा। सेक्टर-99 स्थित एलआईजी फ्लैट्स बेस्ट व्यू अपार्टमेंट में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत शुभारंभ आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए की पूरी टीम, समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
नालियों, दीवारों और टाइल्स के सुधार पर होगा विशेष फोकस
आरडब्ल्यूए के प्रयासों और नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से शुरू किए गए कार्यों में नालियों पर पुलियों का निर्माण, पेड़ों के थामलों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, बाहरी परिधि की क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत, टूटे हुए प्लास्टर को दुरुस्त करना तथा धंसी एवं असमतल टाइल्स को समतल करने जैसे कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से सोसाइटी की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होने के साथ-साथ परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की पहल
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में जल निकासी की समस्या लंबे समय से निवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। हल्की बारिश में भी सड़कों पर पानी भर जाता था, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आरडब्ल्यूए द्वारा इस मुद्दे को लगातार नोएडा प्राधिकरण के समक्ष उठाया गया, जिसके बाद अब इसके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य प्रारंभ कराया गया है।
स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सोसाइटी बनाने का लक्ष्य
नरोत्तम शर्मा ने कहा कि यह पहल केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बेस्ट व्यू अपार्टमेंट को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरडब्ल्यूए भविष्य में भी निवासियों की समस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
विकास कार्यों के शुभारंभ पर निवासियों ने जताई खुशी
कार्यक्रम में उपस्थित निवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरडब्ल्यूए और नोएडा प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना था कि इन कार्यों से न केवल दैनिक समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि सोसाइटी के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।


