[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा एयरपोर्ट का काउंटडाउन खत्म: कल आएगी लखनऊ से पहली फ्लाइट, बदल जाएगी पश्चिम यूपी की तस्वीर

नोएडा। 15 जून 2026 का दिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इतिहास में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद पहली बार यात्रियों से भरी विमान सेवा जेवर स्थित एयरपोर्ट पर उतरेगी। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट सुबह 7:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर करीब 8:05 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन ने विशेष तैयारियां की हैं। सूत्रों के अनुसार उद्घाटन उड़ान में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति और कारोबारी भी शामिल हो सकते हैं।

लखनऊ-बेंगलुरु से शुरुआत, अगले ही दिन जुड़ेंगे कई शहर

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक पहले दिन इंडिगो की उड़ानें संचालित होंगी, जबकि 16 जून से अकासा एयर की सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी। 15 जून को लखनऊ और बेंगलुरु के लिए उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। वहीं 16 जून से हैदराबाद, जम्मू, अमृतसर सहित कई नए शहर नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। जुलाई से नोएडा एयरपोर्ट से देश के करीब 17 शहरों के लिए नियमित घरेलू उड़ान और कार्गो सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, भोपाल, चंडीगढ़, देहरादून, धर्मशाला, किशनगढ़ और नवी मुंबई जैसे शहरों को भी जोड़ने की योजना है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की तैयारी तेज, सितंबर में आ सकता है शेड्यूल

एयरपोर्ट प्रबंधन का लक्ष्य इसी वर्ष के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करना है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का प्रारंभिक शेड्यूल जारी किया जा सकता है। इस बीच यह भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू उद्घाटन उड़ान या कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। एयरपोर्ट परिसर में विस्तार योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय संचालन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक भी संभावित है।

यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं, पार्किंग और पिक-ड्रॉप नियम तय

नोएडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन बनाई गई हैं। ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप वाहनों को टर्मिनल के बाहर अधिकतम पांच मिनट रुकने की अनुमति होगी, इसके बाद पार्किंग का उपयोग करना होगा। निजी वाहनों के लिए पहले दो घंटे की पार्किंग फीस 150 रुपये और पूरे दिन के लिए 600 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं कॉमर्शियल वाहनों के लिए शुरुआती दो घंटे का शुल्क 200 रुपये और 24 घंटे के लिए 700 रुपये होगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिशुओं के लिए सीमित मात्रा में बेबी फूड और दूध हैंड बैगेज में ले जाने की अनुमति रहेगी, जिसकी जानकारी सुरक्षा जांच के दौरान देनी होगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें