नोएडा। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तर प्रदेश द्वारा गौतमबुद्ध नगर में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “12 साल बेमिसाल – विकास, विश्वास, जनकल्याण, प्रगति और सुरक्षा” विषय पर चर्चा करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने रखा गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश के जनसंपर्क अभियान के राज्य प्रभारी सैयद एहसान अख्तर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय तक पहुंचा है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

2027 चुनाव में 320 से अधिक सीटों का दावा
सैयद अहसान अख्तर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की विकासवादी नीतियों पर भरोसा रखती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा 320 से अधिक सीटों के साथ पुनः प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सुनील भाटी (पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष, गौतमबुद्ध नगर), फरहत (पूर्व प्रदेश मंत्री, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा बिहार), शेखर झा (शक्ति संयोजक, भाजपा गौतमबुद्ध नगर), कविता राजेश (कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल), अविनाश सिंह (बूथ अध्यक्ष), सैयद अख्तर आलम (पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश), डॉ. ताहा, डॉ. इराम आमिर, मेहरनाज़ तथा हाफिज़ रज़ा खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






