नोएडा में पानी को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: किसानों ने जल विभाग कार्यालय पर बोला हल्ला, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

नोएडा के मामूरा गांव में पिछले एक वर्ष से चली आ रही पानी की गंभीर समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं ने नोएडा प्राधिकरण के जल महाप्रबंधक आर.पी. सिंह के कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता बाबूराम ने की, जबकि संचालन ओमप्रकाश गुर्जर ने किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान संगठन के कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए।

अधिकारियों पर सौतेले व्यवहार का आरोप

भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने आरोप लगाया कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी गांवों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामूरा गांव की गली नंबर-1 के निवासी पिछले एक साल से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि गली नंबर-7 में स्थित फैक्ट्रियों और पीजी संचालकों को लगातार पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंप ऑपरेटर और संबंधित जेई द्वारा वाल्व लगाकर पानी का रुख दूसरी ओर मोड़ दिया गया है, जिससे हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि इस स्थिति को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

यूजीआर निर्माण और बंद ट्यूबवेल चालू करने की मांग

धरने के दौरान संगठन ने मामूरा गांव में अंडरग्राउंड वाटर रिजर्वायर (यूजीआर) के निर्माण और लंबे समय से बंद पड़े पुराने ट्यूबवेल को तत्काल चालू कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि इन दोनों कार्यों के पूरा होने से गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

अन्य गांवों की समस्याएं भी उठाईं

भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने केवल मामूरा गांव ही नहीं, बल्कि नोएडा के अन्य गांवों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी प्राधिकरण अधिकारियों के सामने रखा। संगठन ने मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विकास और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पानी की समस्या सहित अन्य मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद

धरने में चौधरी बीसी प्रधान, ओमप्रकाश गुर्जर, अजब सिंह भाटी, महेश तंवर, डॉ. बबलू यादव, राजकुमार मोनू, अरुण गौतम, विजयपाल भाटी, हरि अवाना, दीपक जाटव, राजवीर सिंह, धर्मेंद्र, दीपक प्रजापति, प्रमोद प्रजापति, वेदराम, सुनील सहित सैकड़ों किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें