नोएडा में फायर सेफ्टी पर मचा हड़कंप: गेस्ट हाउस और PG पर जांच की मांग, कोनरवा का प्रशासन को सख्त पत्र

नोएडा ।दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद नोएडा में भी होटल, गेस्ट हाउस और पीजी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की कई आवासीय और व्यावसायिक इमारतों में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के होटल और पीजी संचालित होने की आशंका के बीच अब बड़ा एक्शन लेने की मांग उठने लगी है।

कोनरवा ने प्रशासन को भेजा सख्त पत्र

Confederation of Noida Residents Welfare Associations (कोनरवा) ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी और पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर नोएडा में संचालित सभी होटल, गेस्ट हाउस और पीजी संस्थानों का व्यापक सर्वे, औचक निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है।

“क्षमता से ज्यादा कमरे बनाकर चल रहा कारोबार”

कोनरवा अध्यक्ष डॉ. पीएस जैन, संयोजक बीबी वलेचा और महासचिव राजीव गर्ग ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर स्वीकृत नक्शों से ज्यादा कमरे बनाकर होटल और पीजी चलाए जा रहे हैं। ऐसे संस्थानों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार संचालित हो रहे हैं या नहीं।

संकरी गलियों वाले होटल और PG बने खतरा

संगठन ने खास तौर पर संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में चल रहे होटल और पीजी को बेहद खतरनाक बताया है। उनका कहना है कि आग लगने जैसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस का समय पर पहुंचना मुश्किल हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

फायर NOC और मॉक ड्रिल की जांच की मांग

कोनरवा ने प्रशासन से मांग की है कि सभी संस्थानों में फायर NOC, अग्निशमन उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और नियमित मॉक ड्रिल की जांच कराई जाए। साथ ही पीवीसी पैनलिंग, लकड़ी के पार्टिशन और अन्य ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल पर भी सख्त निगरानी रखने की बात कही गई है।

वायरिंग और AC सिस्टम पर भी उठे सवाल

संगठन ने एयर कंडीशनर, वायरिंग, जनरेटर और अन्य विद्युत उपकरणों के नियमित तकनीकी परीक्षण को भी जरूरी बताया है। उनका कहना है कि अधिकतर अग्निकांड शॉर्ट सर्किट और खराब इलेक्ट्रिकल सिस्टम की वजह से होते हैं।

“लापरवाही हुई तो नोएडा में भी हो सकता है बड़ा हादसा”

कोनरवा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच नहीं की गई तो भविष्य में नोएडा में भी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। शहर की तेजी से बढ़ती आबादी और रिहायशी इलाकों में बढ़ते होटल-पीजी संचालन के बीच यह मुद्दा अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें