दीप चौधरी, नोएडा। सेक्टर-51 से सटे होशियापुर गांव में कथित अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के नोएडा महानगर अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नोएडा प्राधिकरण और उसके अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस क्षेत्र में कभी खेत और हरित क्षेत्र हुआ करता था, वहां आज बहुमंजिला फ्लैट खड़े हो गए हैं।
“खाली खेतों पर कैसे खड़ी हो गईं इमारतें?”
सपा नेता ने सवाल किया है कि जिस जमीन को लेकर पहले खेत और खुला क्षेत्र होने की बात कही जाती थी, वहां आखिर इतनी बड़ी-बड़ी इमारतों के निर्माण की अनुमति किसने दी? क्या इन भवनों को नोएडा प्राधिकरण से वैध स्वीकृति प्राप्त थी या फिर नियमों को दरकिनार कर निर्माण कराया गया?
महंगे फ्लैट खरीदने वालों के साथ अन्याय?
पोस्ट में यह भी कहा गया है कि सेक्टरों के निवासी करोड़ों रुपये खर्च कर अधिकृत परियोजनाओं में फ्लैट खरीदते हैं और वर्षों तक बैंक की ईएमआई चुकाते हैं, जबकि दूसरी ओर गांव क्षेत्रों में कथित रूप से बिना मानकों के बहुमंजिला निर्माण खड़े हो जाते हैं। इससे नियमों का पालन करने वाले खरीदारों के साथ अन्याय होता है।
मास्टर प्लान पर भी उठे सवाल
सपा नेता ने दावा किया कि यदि संबंधित निर्माण मास्टर प्लान और भवन मानकों के अनुरूप नहीं है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि क्या इन इमारतों के लिए सभी आवश्यक मानकों और स्वीकृतियों का पालन किया गया था या नहीं?






