नोएडा में कांग्रेस की प्रेस वार्ता: भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, भाजपा नेताओं की संपत्ति जांच की मांग

नोएडा। महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा द्वारा सेक्टर-52 स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और प्रशासनिक दमन करने के आरोप लगाए।

“भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विफल”

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्टेट कॉर्डिनेटर सोशल मीडिया एवं प्रवक्ता पवन शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दे उठाती है या किसी पीड़ित परिवार से मिलने जाती है तो पुलिस प्रशासन झूठे मुकदमे दर्ज कर दमनात्मक कार्रवाई करता है और कांग्रेस पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद कर दिया जाता है।

अजय राय को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने का आरोप

पवन शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को एक दलित पीड़ित परिवार से मिलने से रोका गया तथा उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि महोबा में एक दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के घर नहीं पहुंचा, लेकिन जब अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने जा रहे थे तो उन्हें रोकने का हर संभव प्रयास किया गया। इसके बावजूद वह पीड़ित परिवार तक पहुंचे।

“सरकार संवेदनहीन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध”

पवन शर्मा ने कहा कि सरकार खुद पीड़िता का दुख साझा करने नहीं पहुंची, लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के वहां जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री और विधायक भी विरोध में आगे आए, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

“भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है सरकार”

महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा नगर निगम ने निजी बिजली कंपनी टोरेंट का 430 करोड़ रुपये का बिल माफ कर दिया। इससे पहले भी हजारों करोड़ रुपये पूंजीपतियों के माफ किए गए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “काम लो, चंदा दो” की नीति पर काम कर रही है तथा ईडी और आयकर छापों के जरिए वसूली की राजनीति की जा रही है।

मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति जांच की मांग

मुकेश यादव ने कहा कि यदि सरकार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने का साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि मिड डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों और मनरेगा जैसी योजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में जमीन और चंदे के नाम पर भी भ्रष्टाचार हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुचिता में विश्वास रखते हैं तथा किसी भी एजेंसी से जांच कराने को तैयार हैं, लेकिन भाजपा नेताओं की भी समान जांच होनी चाहिए।

ये नेता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस कमेटी नोएडा अध्यक्ष मुकेश यादव, स्टेट कॉर्डिनेटर सोशल मीडिया एवं प्रवक्ता पवन शर्मा, महानगर महासचिव रामकुमार शर्मा, कार्यालय प्रभारी अरुण प्रधान और सतीश पांचाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें