ग्रेटर नोएडा के जेवर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बनवारावास में किसान के नाबालिग पुत्र की कथित निर्मम हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस का एक 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गौतमबुद्ध नगर भेजा जा रहा है।
27 मई को पीड़ित परिवार से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रतिनिधिमंडल 27 मई 2026 को शाम 4 बजे गौतमबुद्ध नगर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी लेगा और इसके बाद स्थानीय प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रतिनिधिमंडल में शामिल
प्रतिनिधिमंडल में गजराज सिंह, दीपक भाटी चोटीवाला, मुकेश यादव, विशाल वशिष्ठ, पुरुषोत्तम नागर, राकेश शर्मा और दिनेश आवाना , रमेश बघेल, प्रबल प्रताप साही, गौतम अवाना, अजय चौधरी और शहाबुद्दीन शामिल है।
“दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना बेहद दुखद और गंभीर है। पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जेवर क्षेत्र में बढ़ी राजनीतिक हलचल
इस घटना के बाद जेवर और आसपास के क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हैं और अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।






