दीप चौधरी, नोएडा। सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के अंदर प्रस्तावित डियर पार्क के निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि बायोडायवर्सिटी पार्क के भीतर निर्माण कार्य से प्राकृतिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और पार्क में घूमने आने वाले लोग भी परेशान हैं।
“बायोडायवर्सिटी पार्क के बाहर शिफ्ट किया जाए डियर पार्क”
अधिवक्ता और पर्यावरण कार्यकर्ता गौतम अवाना ने कहा कि डियर पार्क बनाने के लिए बायोडायवर्सिटी पार्क से सटी खाली जमीन का इस्तेमाल किया जा सकता है। उनका कहना है कि पार्क के अंदर निर्माण कराने से उसकी मूल पहचान और प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित होगा।
निर्माण कार्य से पार्क में फैली मिट्टी, लोगों को हो रही परेशानी
निवासियों ने आरोप लगाया कि डियर पार्क निर्माण की वजह से पूरे पार्क में मिट्टी और धूल फैली हुई है। सुबह-शाम टहलने और स्वास्थ्य लाभ के लिए आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह रास्ते खराब हो गए हैं और पार्क का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
पर्यावरण और जैव विविधता पर चिंता
लोगों का कहना है कि बायोडायवर्सिटी पार्क का उद्देश्य प्राकृतिक वातावरण और हरित क्षेत्र को सुरक्षित रखना है। ऐसे में पार्क के अंदर बड़े स्तर पर निर्माण गतिविधियां होने से जैव विविधता और पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है।
सांसद को भेजा गया पत्र
मामले को लेकर अधिवक्ता और पर्यावरण कार्यकर्ता गौतम अवाना ने सांसद महेश शर्मा को पत्र देकर डियर पार्क को दूसरी जगह शिफ्ट करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।






