Noida News : सनातन धर्म से जुड़ी पुरानी और खंडित धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक विसर्जन एवं संरक्षण के उद्देश्य से सामाजिक संस्था “मंगलमय परिवार, नोएडा” ने एक विशेष मुहिम शुरू की है। संस्था ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में रखी पुरानी धार्मिक वस्तुओं को इधर-उधर फेंकने के बजाय संस्था को सौंपें, ताकि उनका विधि-विधान से विसर्जन या संरक्षण किया जा सके।
खंडित मूर्तियों और पूजन सामग्री का होगा सम्मानपूर्वक निस्तारण
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि कई परिवारों में पुरानी या खंडित भगवान की मूर्तियां, मंदिर के वस्त्र, धार्मिक पुस्तकें, माला और पूजा से जुड़ी सामग्री वर्षों तक रखी रहती है, क्योंकि लोग उन्हें अनादर के भय से फेंक नहीं पाते। इसी समस्या के समाधान के लिए यह पहल शुरू की गई है।
घर-घर उपलब्ध कराए जा रहे संग्रह बॉक्स
मंगलमय परिवार की ओर से लोगों के घरों और मंदिरों में धार्मिक सामग्री संग्रह करने के लिए प्लास्टिक बॉक्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिन स्थानों पर बॉक्स नहीं पहुंचे हैं, वहां संस्था से संपर्क कर बॉक्स मंगवाए जा सकते हैं।
फूल-पत्ती और फल का अपशिष्ट नहीं होगा स्वीकार
संस्था ने स्पष्ट किया है कि इस मुहिम के तहत केवल धार्मिक सामग्री ही स्वीकार की जाएगी। फूल-पत्ती और फल जैसे जैविक अपशिष्ट इसमें शामिल नहीं होंगे।
लोगों से जुड़ने की अपील
संस्था ने इसे धर्म और संस्कारों से जुड़ी सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की है। संस्था से संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 8800964006 और 7065555791 जारी किए गए हैं।






