दीप चौधरी, नोएडा। सेक्टर-62 स्थित डी पार्क में चल रही मिट्टी की खुदाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पार्क में सुबह-शाम टहलने और स्वास्थ्य लाभ के लिए आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर कांग्रेस के प्रवक्ता ने भी सवाल उठाए हैं।
“स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं लोग, चलना हुआ मुश्किल”
कांग्रेस प्रवक्ता अनिल यादव ने कहा कि सेक्टर-62 का डी पार्क इलाके के लोगों के लिए स्वास्थ्य और सैर का प्रमुख स्थान है। यहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सुबह-शाम घूमने आते हैं, लेकिन पार्क में मिट्टी की खुदाई और फैली गंदगी के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है।
पार्क की हालत पर जताई नाराजगी
अनिल यादव का कहना है कि खुदाई के कारण पार्क के रास्ते खराब हो गए हैं। कई जगह मिट्टी के ढेर लगे होने से लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह की सैर और व्यायाम करने आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि पार्कों को लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य के लिए विकसित किया जाता है, ऐसे में वहां अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।






