Noida News : नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे जनगणना-2027 के प्रथम चरण के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तय समय तक कार्य शुरू नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम-1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए
प्राधिकरण के अनुसार 22 मई 2026 से शुरू हुए जनगणना कार्य के लिए क्षेत्र में 2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। इस कार्य के लिए 2046 प्रगणक और 341 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अब तक जनगणना सामग्री प्राप्त कर काम शुरू नहीं किया है।
फोन और वाट्सऐप पर निर्देशों के बाद भी नहीं पहुंचे कर्मचारी
प्रशासन की ओर से संबंधित कर्मचारियों को लगातार फोन कॉल, मैसेज और वाट्सऐप के माध्यम से निर्देश भेजे गए, लेकिन इसके बाद भी करीब 700 प्रगणक और 140 पर्यवेक्षकों ने सामग्री प्राप्त नहीं की। अधिकारियों ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना है।
समीक्षा बैठक में सामने आई उदासीनता
सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने माना कि कई स्तरों पर कर्मचारियों की उदासीनता के कारण जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
26 मई दोपहर 12 बजे तक दिया गया अंतिम समय
सीईओ ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि 26 मई दोपहर 12 बजे तक जो कर्मचारी सामग्री प्राप्त कर कार्य शुरू नहीं करेंगे, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।






