ग्रेटर नोएडा। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 30 हजार विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए मिलने वाली 1200 रुपये की डीबीटी राशि अगले महीने तक उनके अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। फिलहाल बैंक खाते और आधार संबंधी विवरण का सत्यापन लंबित होने के कारण इन विद्यार्थियों का भुगतान नहीं हो सका है।
पहले चरण में 58 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिला लाभ
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, सरकार की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना के तहत परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को हर वर्ष 1200 रुपये की सहायता राशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस वर्ष पहले चरण में जिले के 58 हजार से अधिक विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में सफलतापूर्वक यह राशि भेजी जा चुकी है, जबकि करीब 30 हजार विद्यार्थियों का भुगतान अभी शेष है।
दस्तावेजों की त्रुटियों से अटका सत्यापन
अधिकारियों के मुताबिक अधिकांश मामलों में बैंक खाते, आधार संख्या, नाम की स्पेलिंग, आईएफएससी कोड और अन्य विवरणों में त्रुटियों के कारण सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। कई अभिभावकों ने अभी तक आवश्यक दस्तावेज अपडेट भी नहीं कराए हैं। इसे देखते हुए शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को अभिभावकों से संपर्क कर दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्यापन पूरा होते ही एक साथ भेजी जाएगी राशि
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पोर्टल पर बैंक खाते और आधार संबंधी जानकारी तेजी से अपडेट की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसके पूरा होते ही सभी लंबित विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में एक साथ डीबीटी की राशि भेज दी जाएगी।


