
नोएडा। सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पत्नी से विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक ने बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गंदे नाले में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया।

सुबह छह बजे नाले से बरामद हुआ शव
कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह करीब छह बजे युवक का शव नाले से बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 29 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के जैनपुरा गांव का रहने वाला था और वर्तमान में फेस-1 थाना क्षेत्र के हरौला में रह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शराब पीने को लेकर पत्नी से हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रवि का शराब पीने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया और सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचा। इसी दौरान उसने नाले में छलांग लगा दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
SDRF और NDRF ने रातभर चलाया सर्च अभियान
सूचना मिलने के बाद डायल-112 के माध्यम से सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। नाले की गहराई और तेज बहाव के कारण युवक की तलाश में काफी मुश्किलें आईं। फायर सर्विस के जवानों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ तलाशी अभियान चलाया। हालात को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। अंधेरे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रखा और आखिरकार सुबह युवक का शव बरामद कर लिया। मामले की जांच जारी है।


