नोएडा। कोतवाली क्षेत्र के थोरा गांव में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के सीने में गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पड़ोसियों ने जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी
ऑटो लेकर गांव पहुंचा था युवक, विवाद के बाद चली गोली
ग्रामीणों के अनुसार, घायल गोविंद गांव से जेवर और एयरपोर्ट के लिए ऑटो रिक्शा चलाता है। रविवार शाम वह ऑटो लेकर गांव पहुंचा था। देर रात पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया।
तमंचे से फायर, सीने में लगी गोली
विवाद के दौरान एक आरोपी ने तमंचे से गोविंद पर फायर कर दिया। गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्रेटर नोएडा के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ पहले भी रही शिकायतें, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों पर पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप लग चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


