नोएडा। सेक्टर-49 स्थित एसडी विद्या स्कूल में बृहस्पतिवार को फीफा वर्ल्ड कप की तर्ज पर इंटर हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउस—ज्योति, सरस्वती, भारती और गीता के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया।
सेमीफाइनल में रोमांचक मुकाबले
पहले सेमीफाइनल में भारती हाउस ने गीता हाउस को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। भारती हाउस की ओर से शौर्य और गीता हाउस की ओर से ओजस ने गोल किए। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ज्योति हाउस ने सरस्वती हाउस को 1-0 से हराया। सत्यम ने मैच का एकमात्र गोल कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।
फाइनल में ज्योति हाउस का शानदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में ज्योति हाउस और भारती हाउस के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने मजबूत रक्षण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले का निर्णायक गोल सक्षम ने दागा, जिसकी बदौलत ज्योति हाउस ने 1-0 से जीत दर्ज की।
ज्योति हाउस ने जीती विजेता ट्रॉफी
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ ज्योति हाउस ने इंटर हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के खेल कौशल और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


