नोएडा। शहर में अस्थायी खोखों में शराब के ठेके खोले जाने को लेकर नोएडा प्राधिकरण और आबकारी विभाग आमने-सामने आ गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि अब तक शहर में किसी भी स्थान पर अस्थायी निर्माण में शराब का ठेका खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, आबकारी विभाग के पत्र पर भी अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इसके बावजूद कई स्थानों पर खोखों में शराब के ठेके संचालित किए जा रहे हैं।
प्राधिकरण ने नहीं दी कोई मंजूरी
प्राधिकरण के अनुसार संपत्तियों को किराये पर देने और अस्थायी निर्माण की अनुमति देने का अधिकार सामान्य प्रशासन विभाग के पास है। आबकारी विभाग की ओर से भेजे गए पत्र को सामान्य प्रशासन को भेजा गया था, लेकिन अभी तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वेंडिंग जोन, दूध या जूस के खोखों की तरह शराब के ठेकों को खोखे में संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती और ऐसा कोई प्रस्ताव भी स्वीकृत नहीं हुआ है। आबकारी विभाग के मुताबिक फिलहाल शहर में 15 शराब के ठेके अस्थायी खोखों से संचालित हो रहे हैं।
मंदिर के सामने ठेका खुलने पर उठे सवाल
सेक्टर-100 में वोडा महादेव मंदिर के सामने खोखे में शराब का ठेका खोले जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। सेक्टर-77 निवासी अमित गुप्ता ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर मंदिर के सामने शराब का ठेका हटाने और भविष्य में ऐसे स्थानों पर अनुमति न देने की मांग की है।
प्राधिकरण करेगा ठेका निरस्त कराने की कार्रवाई
नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा ने बताया कि जिस जमीन पर यह ठेका रखा गया है, वह विवादित है। प्राधिकरण इस ठेके का आवंटन निरस्त कराने के लिए जिला आबकारी अधिकारी को पत्र भेजेगा। मामले को लेकर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


