ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जीएसटी विभाग में तैनात एक उपायुक्त की पत्नी ने विभाग के अपर आयुक्त पर उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उपायुक्त वेद प्रकाश सिंह की पत्नी शोभिता सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखित शिकायत भेजकर मामले की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बैठक के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती
शोभिता सिंह के अनुसार, उनके पति गौतमबुद्ध नगर जोन के खंड-12 में उपायुक्त के पद पर कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि 12 जून को हुई एक विभागीय बैठक के दौरान उनके पति के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से आहत हो गए और अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कोई गंभीर शारीरिक बीमारी नहीं है, बल्कि वे गहरे मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में हैं।
अपर आयुक्त पर दबाव बनाने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 14 जून को विभाग के कुछ कर्मचारी उनके पति का हालचाल जानने घर पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने किसी से मिलने से इनकार कर दिया। शोभिता सिंह का कहना है कि उसी दिन से अपर आयुक्त उनके पति पर मिलने का दबाव बना रहे हैं, जबकि वे उनके सामने जाने से भी डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पति की मानसिक स्थिति को देखते हुए 15 जून को वह उन्हें अपने साथ वाराणसी ले गईं।
अपर आयुक्त ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, जीएसटी गौतमबुद्ध नगर जोन के अपर आयुक्त संदीप भागिया ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वेद प्रकाश सिंह की तबीयत पहले भी खराब हो चुकी है और इस मामले का किसी विवाद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकारी की तबीयत अब ठीक है, उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और चिकित्सकों ने कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है। विभाग में किसी प्रकार का विवाद नहीं है।


