नोएडा। सामाजिक संस्था नोएडा सिटीजन फोरम (एन.सी.एफ.) की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने ‘एन.सी.एफ. आपके द्वार’ अभियान के तहत वरिष्ठ समाजसेवी एवं आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा के कार्यालय पर एक औपचारिक बैठक की। बैठक में नोएडा महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं एन.सी.एफ. के महासचिव प्रशांत त्यागी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. नरेंद्र शर्मा ने सामाजिक कार्यों की सराहना की
बैठक के दौरान डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा ने शालिनी सिंह द्वारा नोएडा में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए शहर की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
10 हजार करोड़ के बजट के बावजूद मूलभूत सुविधाओं पर सवाल
शालिनी सिंह ने कहा कि 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के सालाना बजट के बावजूद नोएडा विधानसभा क्षेत्र के सेक्टरों और गांवों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। उन्होंने टूटी सड़कों, पीने के पानी की खराब गुणवत्ता, जर्जर बिजली व्यवस्था, बदहाल पार्कों और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। साथ ही सड़कों पर घूमते गौवंश व अन्य पशुओं के लिए उचित व्यवस्था का अभाव और जनसुनवाई व्यवस्था को भी गंभीर समस्या बताया।
गांवों की उपेक्षा और पंचायत व्यवस्था बहाल करने की मांग
शालिनी सिंह ने आरोप लगाया कि नोएडा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले गांवों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए पहले की तरह ग्राम पंचायत व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर विकास और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।


