नोएडा।दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा से एक कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा की महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस दौरान दिल्ली में मैथिली भाषा के विकास, शिक्षा और मिथिलांचल एवं पूर्वांचल समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।
दिल्ली के स्कूलों में मैथिली भाषा की पढ़ाई शुरू करने की मांग
मुलाकात के दौरान शैलेन्द्र मिश्रा ने दिल्ली के स्कूलों में मैथिली भाषा की पढ़ाई शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने मैथिली भाषा के संरक्षण, संवर्धन और दिल्ली में इसके व्यापक विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। मंत्री कपिल मिश्रा ने इस विषय को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दिल्ली-NCR में बिहार और पूर्वांचल के लोगों की सुरक्षा का मुद्दा
शैलेन्द्र मिश्रा ने नोएडा, दिल्ली और पूरे NCR क्षेत्र में रहने वाले बिहार, मिथिलांचल एवं पूर्वांचल के लोगों की सुरक्षा का मुद्दा भी मंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोग इस क्षेत्र में रहते हैं और उनके साथ भेदभाव तथा उत्पीड़न की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई और समाज के लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
मैथिली-भोजपुरी अकादमी में उपाध्यक्ष पद के लिए नाम प्रस्तावित
अंतर्राष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा ने मैथिली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली के उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नाम भी मंत्री कपिल मिश्रा के समक्ष रखा। उन्होंने अकादमी के माध्यम से मैथिली, भोजपुरी तथा अन्य पूर्वांचली भाषाओं के विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।


