ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के साइट-4 स्थित स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार मामले की जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र से युवतियों को ग्रेटर नोएडा लाया जाता था। आशंका है कि यह नेटवर्क केवल ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है।
युवतियों ने पुलिस को बताए कई अहम तथ्य
पुलिस के मुताबिक रेस्क्यू की गई युवतियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें स्पा सेंटरों में रखा जाता था। कुछ युवतियों ने आरोप लगाया कि कई बार उन्हें कमरों में बंद रखा जाता था और ग्राहकों के आने पर उनसे मिलवाया जाता था। पुलिस इन बयानों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एजेंटों के जरिए लाई जाती थीं महिलाएं
जांच में सामने आया है कि कुछ महिलाएं सीधे स्पा सेंटर संचालकों के संपर्क में थीं, जबकि कई को एजेंटों के माध्यम से ग्रेटर नोएडा लाया गया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में एजेंटों और अन्य सहयोगियों की क्या भूमिका रही और उनके संपर्क किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।
डिजिटल लेनदेन और फरार संचालकों की जांच तेज
पुलिस स्पा सेंटर संचालकों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की गहन जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


