नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में बाल मरीजों को जल्द ट्रामा सेंटर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए प्रबंधन ने जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग का उपयोग करते हुए 80 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता में इजाफा होगा।
नए विशेषज्ञ विभाग होंगे शुरू
लखनऊ में मुख्य सचिव की बैठक के बाद अस्पताल में पीडियाट्रिक न्यूरोसर्जरी, इमरजेंसी मेडिसिन और पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी विभाग शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इन विभागों के शुरू होने से बच्चों को एक ही स्थान पर बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती
नए विभागों के संचालन के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती भी जल्द की जाएगी। इससे गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित बच्चों को इलाज के लिए अन्य संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
30 रेजिडेंट चिकित्सकों के पद बढ़ेंगे
मरीजों को शीघ्र परामर्श और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में 30 रेजिडेंट चिकित्सकों के पद बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। इससे ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं में सुधार होने के साथ मरीजों का इंतजार भी कम होगा।


