नोएडा। में इस बार कांवड़ यात्रा आठ प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तीन अगस्त से जिले के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस ने जिले के चार प्रमुख शिव मंदिरों को जलाभिषेक स्थल के रूप में चिह्नित किया है।
बिजली विभाग और प्राधिकरणों को दिए निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के साथ बिजली विभाग को मार्गों पर लटक रहे बिजली के तार, पोल और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ समितियों के लिए जारी हुई गाइडलाइन
प्रशासन ने कांवड़ समितियों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि कांवड़ में लगाए जाने वाले डीजे की ऊंचाई 12 फुट से अधिक नहीं होगी। नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखेंगी।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे कांवड़िये
कांवड़ यात्रा चिल्ला रोड ट्रैफिक लाइट से डीएनडी, पक्षी विहार होते हुए कालिंदी कुंज दिल्ली बॉर्डर तक जाएगी। इसके अलावा मॉडल टाउन-सेक्टर-62, सेक्टर-71, सिटी सेंटर, सेक्टर-37 मार्ग, छिजारसी-बहलोलपुर मार्ग, तिगरी-किसान चौक-पर्थला मार्ग और शाहबेरी-एक मूर्ति गोलचक्कर होते हुए कालिंदी कुंज तक कांवड़ियों का आवागमन रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
तीन अगस्त से दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर, डीएनडी, चिल्ला रेड लाइट, एमपी-1 मार्ग, एनआईबी, मॉडल टाउन, छिजारसी ताज हाईवे और सिकंदराबाद-कासना से दिल्ली जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को नोएडा एक्सप्रेसवे और केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) एक्सप्रेसवे के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।


