नोएडा: एनसीएफ (नोएडा सिटीजन फोरम) की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने शुक्रवार को भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों के बीच नोएडा के समग्र विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शालिनी सिंह ने शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा हरित क्षेत्रों के संरक्षण जैसे अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने नागरिकों की दैनिक समस्याओं से भी नवाब सिंह नागर को अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नोएडा के सतत, सुनियोजित और समावेशी विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उनका मानना है कि सभी संबंधित पक्षों के साझा प्रयासों से शहर के विकास को नई गति दी जा सकती है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
भाजपा पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने नोएडा के विकास और नागरिक हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और नोएडा को एक आदर्श, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है।


