नोएडा: 22 दिनों की हड़ताल समाप्त होने के बाद नोएडा के सेक्टर-33 स्थित निबंधन विभाग में रजिस्ट्री प्रक्रिया दोबारा शुरू होते ही प्रॉपर्टी खरीदारों और विक्रेताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पिछले तीन दिनों में विभाग ने 618 संपत्तियों की रजिस्ट्री दर्ज की, जिससे सरकार को करीब 51 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। सामान्य दिनों की तुलना में यह संख्या काफी अधिक रही।
रजिस्ट्री शुरू होने के पहले ही दिन से तीनों सब रजिस्ट्रार कार्यालयों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचे। अधिक भीड़ के कारण कई लोगों को रजिस्ट्री कराने के लिए एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। विभागीय कर्मचारी लंबित मामलों के निस्तारण में लगातार जुटे रहे।
अधिकारियों के अनुसार, सामान्य दिनों में निबंधन कार्यालय में प्रतिदिन 100 से 125 रजिस्ट्रियां होती हैं, लेकिन हड़ताल के दौरान बड़ी संख्या में संपत्ति सौदे लंबित हो गए थे। रजिस्ट्री प्रक्रिया दोबारा शुरू होने के बाद खरीदार और विक्रेता जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं, जिससे कार्यभार अचानक बढ़ गया है।
एआईजी प्रथम अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि हड़ताल समाप्त होने के बाद रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या में तेजी आई है और अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं, बार एसोसिएशन (एडवोकेट एंड डीड राइटर्स) के अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगें स्वीकार किए जाने और संबंधित आदेश वापस लेने के बाद अधिवक्ता एवं डीड राइटर्स विभाग तथा आम नागरिकों के सहयोग के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं।


