
नोएडा।दिल्ली में श्री ज्ञानेश कुमार के समर्थन में आयोजित रैली और धरना-प्रदर्शन में नोएडा के सैकड़ों व्यापारियों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में व्यापारी, वैश्य समाज, पोरवाल समाज और सर्व समाज के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। बिरला मंदिर से तालकटोरा स्टेडियम तक आयोजित रैली में राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक एकता और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे मुद्दे उठाए गए।

विकास जैन के नेतृत्व में व्यापारियों ने दर्ज कराई भागीदारी
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की कोर कमेटी के सदस्यों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। वरिष्ठ भाजपा नेता जय भगवान गोयल, चांदनी चौक की पार्षद सुमन गुप्ता और संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। विकास जैन ने अपने संबोधन में व्यापारियों के हितों की रक्षा, स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देने और देश की आर्थिक मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल की राजनीति पर विकास जैन ने उठाए सवाल
रैली के दौरान विकास जैन ने कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल की राजनीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की एकता से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक दलों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल के लिए विवादित शब्द का इस्तेमाल भी किया। उन्होंने लोगों से राजनीतिक दलों की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाने तथा देशहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
महिलाओं, युवतियों और साधु-संतों की भागीदारी रही चर्चा का विषय
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और साधु-संतों की मौजूदगी भी देखने को मिली। विकास जैन ने उनकी भागीदारी को सामाजिक जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों तथा विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए स्वदेशी उद्यमों को प्रोत्साहन देने, भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर एकजुट रहने का आह्वान किया।


