नोएडा: सेक्टर-62 स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (यूपीआईडी) को पांच वर्ष के लंबे इंतजार के बाद 10 नए स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर मिल गए हैं। इन नियुक्तियों के साथ संस्थान में स्थायी फैकल्टी की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे नियमित शिक्षण, शोध कार्य और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अब तक यूपीआईडी में केवल दो स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत थे, जबकि अधिकांश शिक्षण कार्य संविदा शिक्षकों के माध्यम से संचालित हो रहा था। इसका असर नियमित कक्षाओं, शोध परियोजनाओं और संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़ रहा था। नई नियुक्तियों से इस स्थिति में सुधार आने की संभावना है।
वर्ष 2019 में संस्थान को चार स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर मिले थे, लेकिन दो वर्षों के भीतर दो शिक्षकों के संस्थान छोड़ने के बाद स्थायी शिक्षकों की संख्या घटकर केवल दो रह गई थी। इसके बाद संस्थान लंबे समय तक संविदा शिक्षकों के सहारे संचालित होता रहा।
यूपीआईडी के निदेशक डॉ. कुमार संभव ने कहा कि नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। साथ ही शोध, नवाचार, उद्योगों के साथ सहयोग और डिजाइन आधारित अनुसंधान गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी, जिससे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी।


