नोेएडा।तिलपता गोलचक्कर से दादरी मार्ग पर स्थित डेन्सो इंडिया कंपनी में 24 अगस्त को देश-विदेश के अतिथियों का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने आगमन और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन रूट जारी किया है।
सुबह सात बजे से रात दस बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक तिलपता-दादरी मार्ग पर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहन चालकों को नो-एंट्री का पालन करना होगा और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
कंटेनर डिपो से दादरी जाने वाले वाहन दादरी-रूपवास बाईपास से जाएंगे
कंटेनर डिपो से तिलपता गोलचक्कर होते हुए दादरी की ओर जाने वाले भारी वाहन दादरी और रूपवास बाईपास मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
सूरजपुर से दादरी जाने वाले वाहन 130 मीटर रोड का करेंगे इस्तेमाल
सूरजपुर से तिलपता होते हुए दादरी की ओर जाने वाले भारी वाहन 130 मीटर रोड से औद्योगिक क्षेत्र बादलपुर होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इस रूट के इस्तेमाल से तिलपता-दादरी मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।


