नोएडा।जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को परोसे जा रहे खान-पान की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। एक यात्री ने एयरपोर्ट के फूड जोन से खरीदे गए बूंदी के लड्डू का पैकेट खोला तो उसमें फफूंदी लगी मिली। यात्री ने संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यात्री ने फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस से की शिकायत
एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्री स्वप्निल कुमार गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से भारत सरकार के फूड सेफ्टी विभाग और यूपी पुलिस को शिकायत भेजी है। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को वह दोपहर करीब 2 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां उन्होंने फूड जोन से 1558 रुपये में बूंदी के लड्डू और काजू रोल खरीदे थे।
799 रुपये के लड्डू निकले खराब
यात्री के अनुसार, उन्होंने 400 ग्राम बूंदी के लड्डू के डिब्बे के लिए 799 रुपये का भुगतान किया था। खाने के लिए पैकेट खोलने पर उसमें फफूंदी लगी हुई मिली और लड्डू पूरी तरह खराब थे। शिकायत करने पर दुकानदार की ओर से कोई संतोषजनक मदद नहीं मिली।
एक्सपायरी डेट से पहले खराब हुआ सामान, जांच की तैयारी
लड्डू के पैकेट पर एक्सपायरी डेट 6 अगस्त 2026 अंकित थी, जबकि पैकिंग की तारीख 6 जून बताई गई थी। दो महीने पूरे होने से पहले ही लड्डू खराब मिलने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फूड जोन की दुकान के सैंपल लेने और जांच के बाद कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।


