नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना, जो नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 तक प्रस्तावित है, ने आगे बढ़ने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। बुधवार को एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) के समक्ष परियोजना की उपयोगिता और जरूरत का प्रस्तुतीकरण दिया।
यात्रियों को मिलने वाले लाभ बताए
प्रस्तुतीकरण के दौरान परियोजना से क्षेत्र के लाखों लोगों को होने वाले लाभ, यातायात के दबाव में कमी और बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जैसे पहलुओं को विस्तार से रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।
मंजूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण चरण
पीआईबी के समक्ष प्रस्तुतीकरण को परियोजना की मंजूरी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। बोर्ड की समीक्षा और सुझावों के बाद प्रस्ताव को आगे की स्वीकृति के लिए संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा।
परियोजना पर आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
एनएमआरसी को उम्मीद है कि आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद परियोजना पर तेजी से आगे की कार्रवाई शुरू होगी। इस मेट्रो विस्तार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बढ़ते शहरी विकास और यात्री सुविधाओं को नई गति मिलने की संभावना है।


