नोएडा। यूपी-जापान इंवेस्टमेंट मीट 2026 के बाद यमुना सिटी में प्रस्तावित जापानी सिटी को विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण (यीडा) ने सेक्टर-5ए में परियोजना के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्राधिकरण की योजना इसी वर्ष के अंत तक परियोजना को धरातल पर उतारने की है।
गोविला गांव के किसानों की सूची जारी
भूमि खरीद पर आपत्ति का मौका। यीडा ने गोविला गांव के किसानों की सूची जारी कर दी है। किसानों से 15 दिनों के भीतर आपत्ति मांगी गई है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद शेष भूमि की खरीद प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्राधिकरण भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों से सीधे संवाद भी कर रहा है।
500 एकड़ में विकसित होगी जापानी सिटी
औद्योगिक से लेकर आवासीय सुविधाएं होंगी। यीडा के अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-5ए में करीब 500 एकड़ भूमि पर जापानी सिटी विकसित की जाएगी। इसे इंटीग्रेटेड टाउनशिप के रूप में तैयार करने की योजना है। यहां औद्योगिक, संस्थागत, आवासीय और वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जापानी कर्मचारियों के लिए मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
स्कूल, अस्पताल और आवास की होगी व्यवस्था। जापानी सिटी में जापानी उद्योगों के साथ उनके कर्मचारियों और परिवारों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रस्तावित टाउनशिप में विश्वस्तरीय आवास, स्कूल, अस्पताल और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।


