नोएडा।नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन, नॉर्थ ब्लॉक, केंद्रीय सचिवालय में अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद माननीय नित्यानंद राय से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मिथिला, बिहार और पूर्वांचल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मंत्री जी को बुके देकर किया सम्मानित
मुलाकात के दौरान अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा ने अपने सहयोगियों के साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल और मंत्री जी के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, सुरक्षा एवं विकास संबंधी मुद्दों पर बैठक हुई।
मैथिली आर्मी रेजीमेंट के गठन की मांग
अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा ने बैठक में मैथिली आर्मी रेजीमेंट के गठन की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र के युवाओं में सेना के प्रति विशेष रुचि और देशसेवा की भावना है। इसलिए क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि को देखते हुए मैथिली आर्मी रेजीमेंट के गठन पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
मिथिला में सैनिक स्कूल खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मधुबनी जिले के झंझारपुर तथा सुपौल जिले में सैनिक स्कूल स्थापित करने की मांग भी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के समक्ष रखी। अध्यक्ष ने कहा कि इन क्षेत्रों में सैनिक स्कूल खुलने से ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।


