Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बिजली आपूर्ति ठप होने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। हालात इतने खराब हो गए कि अस्पताल कर्मियों को मोबाइल फोन की रोशनी में मरीजों को इंजेक्शन लगाने पड़े। भीषण गर्मी और उमस के बीच मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
कई विभागों में इलाज प्रभावित
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे से अस्पताल की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जो बुधवार तक बहाल नहीं हो सकी। बिजली नहीं होने से आंख, दांत और फिजियोथेरेपी विभाग की मशीनें बंद रहीं, जिससे मरीजों का इलाज प्रभावित हुआ। करीब 60 से 70 मरीजों को बिना इलाज वापस लौटना पड़ा।
पेड़ों की छांव में इंतजार करते रहे मरीज
अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए लगे वाटर कूलर भी बंद पड़े रहे। कई मरीज और उनके परिजन पेड़ों की छांव में बैठकर बिजली आने का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ लोग मजबूरी में निजी अस्पतालों की ओर चले गए।
तीन हजार वैक्सीन पर खतरा
सीएचसी में रैबीज, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए करीब तीन हजार टीके स्टोर किए गए हैं। लगातार निर्धारित तापमान में रखने के लिए बिजली जरूरी होती है। लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने से कोल्ड चेन प्रभावित होने और वैक्सीन खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
डेढ़ महीने में तीसरी बार संकट
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बीते डेढ़ महीने में यह तीसरी बार है जब सीएचसी की बिजली लंबे समय तक बाधित हुई है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका। बैकअप व्यवस्था भी जवाब देती नजर आई।
एनपीसीएल और प्रशासन को दी सूचना
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नारायण किशोर ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए डीएम कार्यालय और एनपीसीएल को शिकायत दी गई है। वैक्सीन को सुरक्षित रखने और मरीजों के लिए पानी की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ओपीडी में भीड़ नियंत्रित करने के लिए तीन चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों का इलाज कराया गया।






