नोएडा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन एवं अति-पवित्र अवसर के उपलक्ष्य में इस्कॉन मंदिर, नोएडा द्वारा सेक्टर-105 में भव्य और भक्तिमय प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी के दौरान ‘हरे कृष्ण हरे राम’ के महामंत्र संकीर्तन, मृदंग की मधुर थाप और मंजीरों की झंकार से पूरा क्षेत्र कृष्णमय हो उठा। श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के आवास पर संतों और श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत
प्रभात फेरी के सेक्टर-105 पहुंचने पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय के आवास पर इस्कॉन मंदिर से पधारे संतों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं का आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और आरती उतारकर संतों की अगवानी की गई।
सेक्टर-105 के निवासियों के सुख-समृद्धि और शांति के लिए की गई विशेष प्रार्थना
इस पावन अवसर पर इस्कॉन के वरिष्ठ संतों ने भगवान श्री राधा-गोविंददेव जी के चरणों में विशेष प्रार्थना की। उन्होंने आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय, उनके परिजनों तथा सेक्टर-105 के सभी निवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
4 सितंबर के श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का दिया निमंत्रण
इस्कॉन मंदिर के संतों ने आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्री दिव्य कृष्णात्रेय के माध्यम से सेक्टर-105 के सभी निवासियों को आगामी 4 सितंबर को इस्कॉन मंदिर, नोएडा में आयोजित होने वाले विराट श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया। संतों ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती के साथ होगी, जिसके बाद विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




